रामनगर और कुमाऊ के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में बाघ और गुलदार के आतंक को लेकर लगातार ग्रामीण दहशत की जिंदगी जीने को मजबूर हैं। बाघ द्वारा लगातार किए जा रहे हमलो के बाद ग्रामीणों का आक्रोश लगातार वन विभाग के खिलाफ बढ़ता जा रहा है।
रामनगर वन प्रभाग तराई पश्चिमी के अंतर्गत पड़ने वाले आमपोखरा रेंज के हाथीडंगर स्थित वन चौकी के पास बाइक सवार दो युवकों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
बाइक सवार युवको व उनके ठीक पीछे दूसरी बाइक से आ रहा उनका अन्य साथी के साथ ही घायल युवकों ने जब शोर मचाया तो बाघ दोनों लोगों को घायल कर जंगल की ओर भाग गया। लेकिन हमले में दोनों युवक घायल हो गए।
दोनो युवकों की पहचान चंद्रनगर मालधन निवासी धर्मेश कुमार और जितेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। दोनों युवक ढिकुली के रिजॉर्ट में सिक्योरिटी गार्ड हैं। शुक्रवार को दोनों की रात की ड्यूटी थी। जिसे खत्म कर वो दोनों घर को वापस जा रहे थे। इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर दिया।
दोनों घायलों को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आम पोखरा रेंज के रेंज अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने बताया कि इस क्षेत्र में कर्मचारियों की गश्त बढ़ा दी गई है तथा उन्होंने ग्रामीणों से अकेले ना जाने की अपील की है।